Article summary
Abstract
यह शोधपत्र “विद्यालयी वातावरण और पारिवारिक पृष्ठभूमि का उच्च माध्यमिक विद्यार्थियों के समायोजन व
नैराश्य पर प्रभाव” विषय पर केन्द्रित है। अध्ययन का उद्देश्य यह विश्लेषण करना था कि किस प्रकार विद्यालय
और परिवार के वातावरण विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, समायोजन क्षमता एवं अवसाद (नैराश्य) पर प्रभाव
डालते हैं। सीकर जनपद के छह चयनित विद्यालयों से 200 विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनमें 100 बालक
व 100 बालिकाएँ सम्मिलित थीं। शोध में विभिन्न मनोवैज्ञानिक उपकरणों जैसे समायोजन सूची, नैराश्य मापन
सूची, विद्यालयी वातावरण प्रश्नावली तथा पारिवारिक पृष्ठभूमि सूचना पत्र का उपयोग किया गया। प्राप्त निष्कर्षों
के अनुसार, जिन विद्यार्थियों को सकारात्मक विद्यालयी वातावरण एवं सहायक पारिवारिक पृष्ठभूमि प्राप्त हुई,
उनमें समायोजन क्षमता उच्च एवं नैराश्य स्तर न्यून पाया गया। वहीं, जिन विद्यार्थियों को प्रतिकूल वातावरण का
सामना करना पड़ा, वे मानसिक रूप से अधिक तनावग्रस्त एवं असंतुलित पाए गए। विद्यालयी वातावरण और
पारिवारिक पृष्ठभूमि दोनों ही कारकों का विद्यार्थियों के व्यवहार और मानसिक स्थिति पर महत्वपूर्ण प्रभाव
परिलक्षित हुआ। इस शोध के निष्कर्षों से यह स्पष्ट होता है कि शिक्षकों, विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों की
भूमिका विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में अत्यंत आवश्यक है। यदि इन दोनों परिवेशों को
सकारात्मक और संवेदनशील बनाया जाए, तो विद्यार्थी बेहतर समायोजन कर सकते हैं तथा नैराश्य जैसी
स्थितियों से बच सकते हैं।
